मोदीनगर :मानवतापुरी कॉलोनी में आरोपियों ने पालतू कुत्ता मारने के शक में आशीष त्यागी के बंद मकान पर पथराव कर शीशे तोड़ दिए। गनीमत रही कि पथराव के समय घर पर कोई नहीं था वरना बड़ी घटना हो सकती थी। आशीष त्यागी ने थाने में घटना की तहरीर दी है। पीड़ित मानवतापुरी कालोनी के आशीष त्यागी के मुताबिक, वे बुधवार शाम को परिवार के साथ किसी काम से घर से बाहर गए थे। इस बीच पड़ोसी कुछ आरोपित आए और उनके घर पर पथराव कर दिया। ताबड़तोड़ ईंट से वारकर शीशे आदि तोड़ दिये। जब पड़ोसियों ने विरोध किया तो आरोपितों ने उनके साथ अभद्रता कर दी। बताया जा रहा है कि जिन आरोपियों ने पथराव किया, उनके घर से कुत्ता गायब हो गया था। चर्चा फैली कि आशीष पक्ष ने उनके कुत्ते को मार दिया है। इसी से आक्रोशित होकर उन्होंने वारदात की। जबकि कुत्ते का कोई अतापता ही नहीं है। आशीष का कहना है कि घटना के बाद से उनका परिवार दहशत में हैं। आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर तहरीर दी गई है। एसीपी मोदीनगर का कहना है कि प्रकरण में जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
