मोदीनगर :श्रीनगर कॉलोनी निवासी डॉ. एसके शर्मा के दो खातों से 32 लाख रुपये निकालने के मामले में उज्जीवन बैंक के बाहर शुरू अनिश्चितकालीन धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारी रकम वापस होने तक धरना जारी रहने की चेतावनी दे चुके हैं। मोदीनगर की श्रीनगर कालोनी में रहते हैं। उनके खाते से 17 से 19 फरवरी के बीच 32 लाख की रकम डेबिट हो गई। लेकिन उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने बैंक व थाने में शिकायत दी। लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। डा. एसके शर्मा का कहना है कि मामले में अधिकारी गंभीरता नहीं बरत रहे हैं। इतनी बड़ी रकम एक साथ निकलने से यह तो साफ है कि किसी ना किसी बैंककर्मी की भूमिका इसमें रही है। उनके मुताबिक, बेटी की शादी के लिए वे रुपये बैंक में जमा कर रहे थे। अब रुपये निकलने से उनके सामने बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। धरनास्थल पर बुधवार को भी पुलिस पहुंचीं और उन्हें समझाने की कोशिश की। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। साइबर सेल की टीम मामले में जुटी है। जल्द घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।
