मोदीनगर :मोदीनगर क्षेत्र की हरमुखपुरी कालोनी में रमाशंकर (70 वर्षीय) और उनकी पत्नी सुशीला (65 वर्षीय) पर उनके ही बेटे मनोज और बहू किरण ने सोमवार रात को धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। इसके बाद कमरे में पेट्रोल डालकर आग लगाकर पत्नी संग फरार हो गया। हमले में दोनों बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।उसके कब्जे से चापड़ बरामद हो गया है। मोदीनगर की हरमुखपुरी कालोनी में रमाशंकर पत्नी सुशीला व बेटे मनोज और पुत्रवधु किरण के साथ रहते हैं। पिछले चार साल से परिवार में कलह चल रही थी। बताया जा रहा है कि रमाशंकर व सुशीला को पौते की आस थी। वे मनोज व किरण पर पौते का दबाव बनाते थे। यह मनोज की दूसरी शादी थी। पहली पत्नी से उन्हें दो बेटी थी। बेटा नहीं होने पर मनोज की शादी किरण से कराई गई। अब भी जब पौता नहीं हुआ तो रमाशंकर व सुशीला उनपर दबाव बनाने लगे। इसको लेकर आये दिन घर में विवाद होने लगे। परेशान आकर एक साल पहले मनोज व किरण कहीं और किराये के कमरे पर रहने लगे। इसी बीच रमाशंकर और सुशीला गुजरात दूसरे बेटे के यहां चले गए। कुछ दिन बाद उनके बीच वार्ता हुई। जिसके बाद फिर से चारों वापस आ गए। एक ही घर में हरमुखपुरी कालोनी में रहने लगे। लेकिन कुछ ही दिन बाद फिर से कलह शुरू हुई। इसको लेकर कई बार रमाशंकर व सुशीला से गाली-गलौज व मारपीट हुई। उनकी शिकायत पर पुलिस ने तीन बार मनोज पर कार्रवाई भी की। सोमवार रात को फिर से घर में विवाद हुआ। इस विवाद में घर का टीवी टूट गया। इसी बीच मनोज ने रमाशंकर व सुशीला पर चापड से सिर व गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। जिससे माता और पिता खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद भी मनोज का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उसने कमरे में पेट्रोल डालकर आग लगाई और पत्नी को लेकर फरार हो गया। घर से धुआं उठता देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और रमाशंकर व सुशीला को मोदीनगर सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां से गंभीर हालत में उन्हें हायर सेंटर मेरठ रेफर किया गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि रमाशंकर की शिकायत पर मनोज व किरण पर हत्या के प्रयास की धारा में केस दर्ज किया गया है। दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। आगे की कार्रवाई चल रही है।
