मोदीनगर : थाना क्षेत्र की मोदीपोन कॉलोनी में घरेलू सहायिका को पालतू कुत्ते ने काटकर घायल कर दिया। प्रीति का आरोप है कि उपचार के लिए आर्थिक मदद मांगी तो कुत्ता पालक ने उसकी पिटाई कर दी और धक्का देकर भगा दिया। साथ ही पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। प्रीति ने थाने में घटना की तहरीर दी है।पुलिस के अनुसार, प्रीति ने अपनी शिकायत में बताया कि वह नगर की इंद्रापुरी कॉलोनी में पुत्र के साथ किराये पर रहती हैं। वह घरेलू सहायिका हैं। दो दिन पूर्व मोदीपोन कॉलोनी में काम करने गई थीं। आरोप है कि तभी संजय शर्मा के पालतू कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया।कुत्ते ने प्रीति के हाथ, कंधे और दोनों पैर में पांच स्थानों पर काट लिया। आसपास के लोगों ने किसी तरह कुत्ते को खदेड़ कर प्रीति की जान बचाई। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
