मोदीनगर :दिल्ली-मेरठ मार्ग पर मोदीनगर थाने के सामने बृहस्पतिवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सड़क पार कर रहे चार लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है।मोदीनगर कोतवाली क्षेत्र की दयापुरी कालोनी की कांता देवी बृहस्पतिवार सुबह बाजार से सामान लेने के लिए घर से निकली थी। उनके साथ में पड़ोसी सोनम भी थी। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर वे मोदीनगर कोतवाली के सामने से सड़क पार कर रही थी। साथ में ही संभू अपनी बेटी सपना के साथ सड़क पार कर रहे थे। इस बीच मोदी मंदिर की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राली ने चारों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में घायलों को आटो से अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने कांता देवी को मृत घोषित कर दिया। संभू को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया। जबकि सोनम व सपना का अस्पताल में उपचार चल रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कांता व संभू के स्वजन को काल कर हादसे की सूचना दी। कांता का शव पोस्टमार्टम को भेजा। बताया जा रहा है कि आरोपित चालक शुगर मिल में गन्ना डालने के बाद लौट रहा था। यह ट्रैक्टर काफी पुराना है। इसपर नंबर प्लेट भी नहीं थी। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि आरोपित चालक को हिरासत में लिया हुआ है। आगे की कार्रवाई चल रही है।
