मोदीनगर। साइबर अपराधियों ने नगर की श्रीनगर कॉलोनी निवासी चिकित्सक डॉ. श्रवण कुमार शर्मा के बैंक के दो अलग-अलग खातों से 30 लाख रुपये की रकम साफ कर दी। साइबर अपराधियों ने तीन दिन में 35 बार में खातों से रकम साफ कर ली। इस दौरान चिकित्सक को न कोई मैसेज मिला और न कोई ओटीपी आया। बैंक प्रबंधक के बताने पर चिकित्सक को खाते खाली होने का पता लगा। चिकित्सक ने बैंककर्मियों पर साइबर अपराधियों से मिलीभगत होने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।पीड़ित श्रवण कुमार शमां ने बताया कि उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक की स्थानीय शाखा में खाता है। गुरुवार को जानकारी मिली कि 17 से 19 फरवरी के बीच खाते से कुल 30 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए गए। इस की उन्हें कोई पूर्व सूचना या जानकारी नहीं थी। पीड़ित के अनुसार, यह राशि नौ खातों में ट्रांसफर की गई। सबसे पहले 10 रुपये का ट्रांजेक्शन किया गया और बाद में 21 लाख रुपये एक बार में ट्रांसफर हो गए। बीच में भी कई अन्य ट्रांजेक्शन हुए। जब उन्होंने बैंक शाखा पहुंचकर प्रबंधन से बातचीत की, तो संतोषजनक जवाब नहीं मिला। शुक्रवार को उन्होंने मोदीनगर कोतवाली में बैंक प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की माम करते हुए शिकायत दर्ज कराई। एसीपी मोदीनगर ने बताया कि मामला साइबर क्राइम से संबंधित प्रतीत होता है और इसकी जांच की जा रही है।
