बीस नामजद समेत कई पर केस दर्ज-दारोगा की तहरीर पर बीस नामजद समेत कई पर केस दर्ज

भोजपुर :भोजपुर के गांव नाहाली में आगामी पंचायत चुनावों की तैयारी में लगे भावी उम्मीदवारों के बीच कहासुनी हो गई। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले और पत्थरबाजी हुई। आधा घंटे तक संघर्ष होता रहा। महिलाओं ने भी घरों की छतों पर खड़े होकर पत्थर बरसाए और एक कार तोड़ दी। घटना से गांव में भगदड़ मच गई। रविवार को हुए बलवे के मामले में भोजपुर पुलिस ने छह आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। दारोगा की तहरीर पर बलवा समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। भोजपुर के गांव नाहली निवासी आबिद व अशरफ आगामी पंचायत चुनावों की तैयारी कर रहे हैं। बताया कि आबिद ग्राम प्रधान और अशरफ जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार रविवार को दोनों मस्जिद में नमाज के बाद घर लौट रहे थे। इस दौरान उनकी बीच चुनाव की तैयारी को लेकर बहस हो गई। दोनों एक दूसरे पर तीखी टिप्पणी करने लगे। दोनों के बीच अपने पक्ष में ज्यादा वोट होने को लेकर कहासुनी होने लगी। कुछ देर में नौबत मारपीट तक पहुंच गई। उस समय तो आसपास के लोगों ने मामला शांत करा दिया। लेकिन दोनों ने घर जाकर उन्होंने स्वजन व साथियाें को इस बारे में बताया। इसपर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। छत से एक-दूसरे के मकान पर पथराव शुरू कर दिया। करीब आधे घंटे तक ताबड़तोड़ पत्थरबाजी हुई। अफरातफरी का माहौल बन गया। इस दौरान पत्थर लगने से कार क्षतिग्रस्त हो गई। तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर भोजपुर थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि बीस नामजद व अज्ञात पर केस दर्ज किया गया है। जिसमें फजल माै. उर्फ भुट्टू, सलीम, अतीक, तालिब, रिजवान व जाबिर को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों की भी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *