मेरठ। शहर के चर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड में सोमवार को एयरटेल कंपनी के मैनेजर की गवाही होनी थी। मैनेजर के नहीं पहुंचने पर मुकदमे की सुनवाई नहीं हो सकी। अब 19 फरवरी को सुनवाई के लिए तिथि निश्चित कर दी गई है।सौरभ हत्याकांड के मुकदमे का ट्रायल जिला जज अनुपम कुमार के न्यायालय में चल रहा है। ट्रायल में ज्यादातर गवाहों की बयान दर्ज हो चुके है। कोर्ट में अभी तक 18 गवाहों के बयान हो चुके है।

इनकी हो चुकी है गवाही 

इनमें मुकदमे के वादी मृतक सौरभ राजपूत के भाई बबलू, रिपोर्ट दर्ज करने वाले हेड मोहर्रिर बृजेश कुमार, सौरभ की मां रेणू, मृतक के दोस्त सौरभ कुमार, चाकू छुरी विक्रेता राकेश, नीला ड्रम विक्रेता सैफुद्दीन और बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान करने वाले आशु, दवा लिखने वाले डा. अरविंद कुमार देशवाल, दवाई देने वाले उषा मेडिकल स्टोर संचालक अमित जोशी, नीले ड्रम को काटने वाले अशोक, पंचनामा भरने वाले दारोगा धर्मेंद्र गौड़, पोस्टमार्टम करने वाले डा. दिनेश सिंह चौहान, कैब चालक अजब सिंह, पहले विवेचक एसआइ कर्मवीर सिंह और चार्जशीट दाखिल करने वाले विवेचक इंस्पेक्टर रमाकांत पचौरी, जियो मोबाइल कंपनी के नोडल अधिकारी लोकेश कुमार और फारेंसिक टीम के प्रभारी की गवाही हो चुकी है। अब एयरटेल कंपनी के मैनेजर की गवाही होनी बाकी है। विवेचना में एयरटेल कंपनी की भी सीडीआर पुलिस ने लगाई हुई है।

तीन मार्च 2025 को हुई थी हत्‍या 

लंदन से सौरभ राजपूत 24 फरवरी 2025 को मेरठ अपने घर ब्रह्मपुरी आया। सौरभ ने 25 फरवरी को बेटी पीहू का जन्मदिन और 27 फरवरी को पत्नी मुस्कान रस्तोगी का जन्मदिन मनाया था। आरोप है क‍ि सौरभ की तीन मार्च की रात को उसकी पत्नी मुस्कान रस्तोगी ने अपने प्रेमी साहिल शुक्ला के साथ मिलकर चाकू से शरीर के चार हिस्से कर हत्या कर दी।

शव के टुकड़े कर प्लास्टिक के नीले ड्रम में डाले 

दोनों ने शव के टुकड़े कर उसे प्लास्टिक के नीले ड्रम में डाले और ऊपर से सीमेंट का घोल डालकर सील कर दिया था। हत्याकांड को अंजाम देने के बाद पांच मार्च को दोनों घूमने के लिए हिमाचल प्रदेश के कसौल चले गए थे। वहां पर दोनों ने एक दूसरे को रंग लगाकर होली मनाई। 17 मार्च को दोनों मेरठ लौट कर आए थे।18 मार्च को सौरभ हत्याकांड का पर्दाफाश हुआ था। 19 मार्च को ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने सौरभ के भाई बबलू की ओर से हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया था, तभी से दोनों जेल में बंद हैं। नवंबर में मुस्कान ने बेटी को जन्म दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *