मोदीनगर : गोविंदपुरी कॉलोनी में बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट राजकुमार गुप्ता के निर्माणाधीन मकान का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये का बिजली का सामान चोरी कर लिया। अधिवक्ता ने थाने में तहरीर दी है।एक सप्ताह के भीतर निर्माणाधीन मकान में यह दूसरी चोरी की वारदात है। गोविंदपुरी कालोनी के राजकुमार गुप्ता वकील है। बार एसोसिएशन मोदीनगर के पूर्व में अध्यक्ष रह चुके हैं। मोदीनगर तहसील में प्रेक्टिस करते हैं। वे गोविंदपुरी में ही दूसरा मकान बना रहे हैं। अधिकांश निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। अब अंदर बिजली फिटिंग आदि का काम चल रहा है। शनिवार रात को कामगार काम निपटाकर चले गए थे। इस बीच रात में कुछ बदमाश आए और मकान से सामान चोरी कर ले गए। रविवार सुबह जब राजकुमार गुप्ता मकान पर पहुंचे और अंदर से बिजली के तार, स्विच समेत अन्य सामान गायब था। राजकुमार के मुताबिक, चोरी हुए सामान की कीमत करीब दो लाख रुपये है। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा का कहना है कि चोरों की तलाश में पुलिस टीम जुटी है। जल्द गिरफ्तारी कर घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।
