मोदीनगर :नगर के मोदीनगर-हापुड़ मार्ग रेलवे क्रॉसिंग के समीप नगर पालिका परिषद कार्यालय के सामने सड़क पर बने गहरे गड्ढे में 22 टायरा ट्रक धंस गया। ट्रक धंसने के कारण लंबा जाम लग गया। जाम के कारण राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। क्रेन की मदद से कड़ी मशक्कत से ट्रक को बाहर निकाला गया।इन दिनों हापुड़ रोड रेलवे फाटक पर राजचाैपले के निकट आरओबी का कार्य चल रहा है। यहां बीच में पिलर तैयार किये जा रहे हैं। आसपास की सड़क जगह-जगह से टूटी हुई है। यहीं पर एक बड़ा गड्ढा है, जिसे कुछ दिन पहले मिट्टी डालकर भरा गया। लेकिन सुबह के समय पानी का छिड़काव करने से गड्ढे के आसपास कीचड़ हो गया। शुक्रवार को एक ट्रक जैसे ही यहां पहुंचा तो गड़ढे में ट्रक के पीछे के तीन पहिये फंस गए। चालक ने काफी मशक्कत की लेकिन पहिये बाहर नहीं आए। ऐसे में पीछे से आ रहे वाहनों को आगे जाने की जगह नहीं मिली और जाम लगने लगा। देखते ही देखते वाहनों की कतार लंबी होती चली। मोदीनगर की तरफ से आ रहे वाहनों की कतार राजचाैपले से होते हुए महेंद्रपुरी गेट तक पहुंच गई। वहीं, गदाना की तरफ से आ रहे वाहनों की कतार रजवाहे तक पहुंच गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को दुरस्त कराने में जुटी। दोपहर तक यहीं स्थिति रही। बाद में ट्रक को क्रेन की मदद से निकाला गया। एसीपी मोदीनगर ने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने कुछ ही समय में यातायात व्यवस्था को बहाल करा दिया था।
