डिजिटल लॉक और तोड़फोड़ के निशान, पुलिस जांच में जुटी
मोदीनगर:निवाड़ी स्थित फिरोजपुर गांव के जंगल में एक ईख के खेत में काले रंग की लावारिश तिजोरी मिली है। इस तिजोरी पर तोड़फोड़ के निशान हैं और इसमें डिजिटल लॉक लगा हुआ है। पुलिस ने तिजोरी को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोदीनगर के सीकरी कलां गांव में एक काेरियर कंपनी का कार्यालय हैं, जहां महालक्ष्मी एन्क्लेव कालोनी के छवेंद्र सिंह हब-इंचार्ज हैं। उनकी तरफ से मोदीनगर थाने में 18 जनवरी को केस दर्ज कराया गया था, जिसमें आरोप था कि उनके कार्यालय से तिजोरी चाेरी हुई हैं।घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई थी। बताया गया था तिजोरी की रकम नहीं थी, केवल कंपनी के कुछ दस्तावेज थे। अब पिछले पांच दिन के भीतर मुरादनगर में राधेश्याम एन्क्लेव कालोनी के पास एक तिजोरी मिली, जो क्षतिग्रस्त हालत में थी। साथ ही निवाड़ी के गांव फिरोजपुर में ईंख् के खेत में भी एक तिजोरी मिली, इस तिजाेरी में फिंगर प्रिंट लाक था। अब अंदेशा यह जताया जा रहा है कि ये तिजोरी वहीं हैं, जो कार्यालय से चोरी हुई थी। बदमाशों ने इन तिजोरी को तोड़कर अंदर से सामान चोरी करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली तो वे खेत में छोड़कर फरार हो गए। खेत में तिजोरी मिलने के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि प्रकरण में छानबीन चल रही है। जल्द घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।
