मोदीनगर :मोदीनगर। तहसील मुख्यालय की बार एसोसिएशन के सचिव नकुल त्यागी के खिलाफ धोखाधड़ी के मामले में दर्ज प्राथमिकी निरस्त नहीं होने से गुस्साए अधिवक्ताओं का आंदोलन जारी है। मंगलवार को अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे। साथ ही तहसील मुख्यालय में नारेबाजी करते हुए हंगामा किया एसीपी का घेराव करते हुए पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। बिना जांच किये मुकदमा दर्ज कराने का आरोप लगाया। एसीपी ने वकीलों से दो दिन का समय मांगा। दो दिन के भीतर निष्पक्ष जांच कराने का भरोसा दिया। वकीलों ने तहसील में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर रजिस्ट्री कार्य भी ठप करने की चेतावनी दी है। कुछ दिन पहले मोदीनगर थाने में मुकुल सांगवान की तरफ से धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया गया है। जिसमें नकुल त्यागी व सुमित नामजद हैं। आरोप है कि रजिस्टर्ड एग्रीमेंट के बावजूद इनके द्वारा जमीन का बैनामा करा दिया गया। वकीलों का आरोप है कि बिना जांच किये सचिव पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दिया। इससे सचिव की बदनामी हुई। फर्जी तरीके से बैनामा कराने का झूठा आरोप लगाया गया। वकील पिछले चार दिन से आंदोलन कर रहे हैं। शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में धरना दिया था। सोमवार को एसएचओ मोदीनगर को घेराव किया। अब मंगलवार को एसीपी मोदीनगर का घेराव कर पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वकीलाें ने एसीपी से कहा कि षडयंत्र के तहत नकुल पर केस दर्ज किया गया है। वकीलों के प्रति पुलिस का यह रवैया बिल्कुल सही नहीं है। किसी सूरत में वकीलों का शोषण बर्दाश्त नहीं होगा। एसीपी ने किसी तरह वकीलों को शांत किया। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा का कहना है कि मामले में गंभीरता के साथ जांच की जा रही है। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
