पति ने भी विवाहिता के भाइयों पर मारपीट का कराया केस दर्ज
मोदीनगर :मोदीनगर में दहेज की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता को कथित तौर पर मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। महिला ने ससुराल पक्ष पर गर्भपात कराने का दबाव बनाने का भी आरोप लगाया है। इस संबंध में उसने थाने में तहरीर दी है। जबकि पति ने विवाहिता के भाइयों पर मारपीट करने का मोदीनगर थाने में केस दर्ज कराया है। भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव फजलगढ़ की चारू की शादी दस महीने पहले ही मोदीनगर के गांव बखरवा के उमेश मलिक के साथ हुई थी। कुछ दिन पहले मोदीनगर में अल्ट्रसाउंड केंद्र के बाहर उमेश के साथ मारपीट हुई थी। उमेश का आरोप है कि पत्नी वहां अल्ट्रासाउंड कराने आई थी। यहां पत्नी के भाइयों ने उनके साथ बुरी तरह मारपीट कर दी। उधर, महिला का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग दहेज में दस लाख रूपए की मांग कर रहे है। दहेज की मांग पूरी ना होने पर पति व सास गर्भपात कराने का दबाव बना रहे हैं। एसीपी मोदीनगर का कहना है कि उमेश की तहरीर पर फजलगढ़ के कुणाल व सोनू पर केस दर्ज कराया गया है। महिला की शिकायत पर भी जांच की जा रही है।
