भोजपुर :दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर मोदीनगर के पास एक मिनी ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। यह हादसा भोजपुर टोल प्लाजा के निकट हुआ। ट्रक में लदी टाइल्स सड़क पर बिखर गईं, जिससे यातायात बाधित हो गया। इस दुर्घटना में ट्रक चालक और परिचालक घायल हो गए सूचना पर पहुंची पुलिस व पेट्रोलिंग टीम ने चालक को अस्पताल में भर्ती कराया। मिनी ट्रक काे सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराया। गाजियाबाद के आकाश नगर के विजय शर्मा मिनी ट्रक चालक हैं। वे मिनी ट्रक से टाईल्स की डिलीवरी के लिए बदनौली जा रहे थे। साथ में हेल्पर गाजियाबाद के लालकुआं का अवनीश भी था। वे दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर जैसे ही भोजपुर टोल के पास पहुंचे ताे अचानक मिनी ट्रक अनियंत्रित हो गया। विजय कुछ समझ पाते इससे पहले ही मिनी ट्रक पलट गया। ऐसे में पीछे से आ रहे वाहनों काे आगे जाने की जगह नहीं मिली और जाम लगने लगा। सूचना पर भोजपुर पुलिस मौके पर पहुंची। विजय व अवनीश को मिनी ट्रक से निकाला और एक्सप्रेस-वे की पेट्रोलिंग टीम की मदद से दाेनों को अस्पताल भेजा गया। दोनों को काफी चोट आई है। हादसे में मिनी ट्रक से पहिया तक बाहर आ गया। एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना ने बताया कि दोनों घायलाें का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
