मतदाता पहचान पत्र बनाने के लिए सुबह से खड़े थे लोग
मोदीनगर : नगर पंचायत निवाड़ी की पुरानी टंकी पर मतदाता पहचान पत्र बनाने के कार्य में बीएलओ की अनुपस्थिति को लेकर मतदाताओं ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बीएलओ द्वारा कार्यशैली में बदलाव नहीं अाने पर आंदोलन की चेतावनी दी। दोपहर करीब दो बजे ग्रामीण बूथ पर वोट बनाने के लिए पहुंचे थे। आरोप था कि यहां एक भी बीएलओ नहीं था। इसपर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। भाकियू किसान सभा के पदाधिकारी भी पहुंचे और जमकर नारेबाजी की। सतेंद्र त्यागी ने कहा कि रविवार को सुबह आठ से दोपहर चार बजे तक बूथ पर रहने वाला समय था। लेकिन दो बजे तक भी बीएलओ नहीं पहुंचे। ऐसे में ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि यदि अधिकारियों ने कार्यशैली नहीं बदली तो आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर अरूण त्यागी, सभासद मंगेश्वर, पूर्व सभासद नरेश त्यागी, सचिन कुमार, सुभाष त्यागी, प्रदीप गोयल, संजीव जाटव, रोहतास जाटव, महेंद्र कश्यप, चतुर्भुज त्यागी, महिपाल सैनी, राजेंद्र प्रजापत, अनिल जाटव, हरी राज त्यागी और सुबोध सेन सहित कई अन्य लोग शामिल थे।
