मोदीनगर : कोतवाली क्षेत्र के हापुड़ मार्ग स्थित गांव गढ़ी गदाना में पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने वृद्ध सुलेमान पर फावड़े से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में सुलेमान गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए नगर के अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां से गभीर हालत के चलते उन्हें दिल्ली रेफर कर दिया गया। बुजुर्ग के स्वजन की शिकायत पर मोदीनगर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। कोतवाली क्षेत्र के गांव गदाना के 70 वर्षीय सुलेमान रविवार सुबह नौ बजे किसी काम से घेर पर गए थे। वहां से कुछ देर बाद घर लाैट रहे थे। इस बीच रास्ते में पहुंचे तो रास्ते में आरोपी खड़े थे। आते ही आरोपियों ने उनसे गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध पर बुरी तरह पीटने लगे। इसी बीच एक आरोपी ने सुलेमान पर धारदार हथियार से वार कर दिया। चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किये, जिससे उनके चेहरे पर गंभीर घाव हो गया। आसपास के लोग जब मौके पर आने लगे तो आरोपी फरार हो गए। पीड़ित को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत गंभीर बनी है। मामले में स्वजन ने मोदीनगर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। एसीपी मोदीनगर का कहना है कि मामले में छानबीन चल रही है। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित होगी।
