निवाड़ी : कस्बा पतला स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक के एक कर्मचारी को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार किया है। उस पर कई खातों से धोखाधड़ी कर करीब 64 लाख रुपए निकालने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने शेयर बाजार में हुए नुकसान के कारण कर्ज चुकाने के लिए यह ठगी की।निवाड़ी थाना क्षेत्र के कस्बा पतला स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक में 64 लाख का घाेटाला करने वाले आरोपी बैंककर्मी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर आनलाइन ट्रेडिंग में रकम गंवाने के चक्कर में कर्जा हो गया था। उसी कर्ज को उतारने के लिए आरोपी ने अपराध का रास्ता चुना। उसने कई किसानों के खाते से रकम अपने व परिचितों के खाते में ट्रांसफर कर ली। एक महीने पहले ही बैंक प्रबंधक की तहरीर पर निवाड़ी थाने में केस दर्ज हुआ था। पुलिस तभी से आरोपी की तलाश में जुटी थी। एसीपी अमित सक्सेना ने बताया कि कस्बा पतला के निवासियों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पंजाब एंड सिंध बैंक में उनके खातों से धोखाधड़ी कर कुल 64,87,442 रुपए निकाल लिए गए हैं। बैंक प्रबंधक ने जांच में इन शिकायतों को सही पाया, जिसके बाद निवाड़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।पुलिस ने आरोपी बैंक कर्मचारी सोमिल तिवारी को गिरफ्तार किया। वह कैलाश विहार, आवास विकास नंबर 1, थाना कल्याणपुर, कानपुर का निवासी है। पूछताछ में सोमिल तिवारी ने बताया कि वह शेयर बाजार में ट्रेडिंग करता था और इससे उसे भारी कर्ज हो गया था। आरोपी ने बताया कि कर्ज चुकाने के लिए उसने फर्जी आरटीजीएस और लूज चेक के माध्यम से पैसे निकाले। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उसने खासतौर पर उन खातों को निशाना बनाया जिनके मालिक बुजुर्ग थे और बैंक में कम ही एंट्री कराते थे।
