प्राचार्य के निलंबन की मांग पर धरना,जमकर की नारेबाजी
मोदीनगर : मुलतानीमल मोदी डिग्री कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य के निलंबन की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य कार्यालय के बाहर धरना दिया और नारेबाजी की। यह विरोध एबीवीपी के जिला संगठन मंत्री के साथ हुई कथित मारपीट के मामले में प्राचार्य की संलिप्तता के आरोपों को लेकर किया गया। कुर्सी पर भ्रष्टाचार प्राचार्य लापता लिखकर विरोध जताया। पदाधिकारियों ने कार्रवाई नहीं होने पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने की चेतावनी दी। करीब 15 दिन पहले एबीवीपी के जिला संगठन मंत्री चिरायु शर्मा के साथ मुलतानीमल मोदी डिग्री कालेज में मारपीट की गई थी। आरोप था कि प्राचार्य के इशारे पर आरोपितों ने वारदात को अंजाम दिया। मामले में जानलेवा हमले की धाराओं में प्राचार्य समेत अन्य पर केस दर्ज किया गया। पुलिस ने दो आरोपितों की गिरफ्तारी की। लेकिन बाकि का अब तक सुराग नहीं है। पदाधिकारियों ने प्राचार्य पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि प्राचार्य ने अापराधिक प्रवृत्ति के छात्रों को कालेज में दाखिला दिया है। जिससे यहां माहौल खराब हो रहा है। कालेज में तृतीय व चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों की भर्ती में भी धांधली का आरोप है। इसलिए पदाधिकारी प्राचार्य को निलंबित करने की मांग पर अड़े है। सुबह पदाधिकारी 11 बजे कालेज पहुंचे और जमकर हंगामा किया। प्राचार्य व डा. केएन मोदी फाउंडेशन के खिलाफ खूब नारेबाजी की। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और पदाधिकारियों को शांत करने की कोशिश की। लेकिन वे मांग पर अड़े रहे।
