मोदीनगर :शेरपुर मार्ग पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से डिलीवरी ब्वाय विपिन कुमार की मौत हो गई। पुलिस ने सड़क हादसे में मौत की धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। करीब ३ घंटे तक मोदीनगर और निवाड़ी पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही।
निवाड़ी थाना क्षेत्र के सौंदा के विपिन कुमार एक कंपनी में डिलीवरी का काम करते थे। सोमवार सुबह ही ड्यूटी के लिए निकल गए थे। लेेकिन रात तक भी घर नहीं आए। स्वजन ने आसपास में पता किया लेकिन जानकारी नहीं मिली। खोजबीन करते हुए स्वजन मंगलवार सुबह शेरपुर मार्ग पर पहुंचे तो वहां खून से लथपथ हालत में विपिन का शव पड़ा था। पास में ही क्षतिग्रस्त हालत में बाइक पड़ी थी। स्वजन ने शव की हालत देखते हुए हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। निवाड़ी व मोदीनगर पुलिस मौके पर पहुंचीं। पुलिस सीमा विवाद में उलझ गई। एक-दूसरे पर पुलिस घटना को टालने लगी। गुस्साए स्वजन ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर दी। किसी तरह पुलिस ने स्वजन को शांत कर शव पोस्टमार्टम को भेजा। मामला मोदीनगर कोतवाली क्षेत्र का सामने आया। पुलिस ने मौके पर छानबीन की, जिसमें पता चला कि अज्ञात वाहन की टक्कर से माैत हुई है। विपिन के सिर में गंभीर चोट थी। जिससे मौके पर खून फैला था। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की पुलिस फुटेज खंगालने में जुटी है। मामले में विपिन के पिता बिजेंद्र ने थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना ने बताया कि अज्ञात वाहन की चपेट में आने से विपिन की मौत हुई है। अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। उसकी तलाश चल रही है। जल्द उसकी गिरफ्तारी होगी।
