मोदीनगर: कृष्णापुरी कॉलोनी में एक युवक ने अपने पिता को गाली देने का विरोध किया। इसके बाद तीन दबंगों ने उसे चाकू से घायल कर दिया। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने तीन आरोपियों पर केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। कोतवाली क्षेत्र की गोविंदपुरी स्थित कृष्णापुरी कालोनी के मोनू के मुताबिक, उनके पिता बालकिशन शुक्रवार रात घर के बाहर खड़े थे। इस बीच तीन आरोपी आए और पिता के साथ गाली-गलौज करने लगे। पहले तो पिता ने अनसुना किया लेकिन आरोपी बाज नहीं आए। उनके साथ अभद्रता करने लगे।आरोपी शराब के नशे में थे। इस बीच मोनू का भाई प्रेम आया और आरोपियो का विरोध करने लगा। इसपर आरोपी भड़क गए। प्रेम को बुरी तरह पीटने लगे। उनकी पीठ में चाकू घोंप दिया। चीख पुकार सुन आसपास के लोग मौके पर आने लगे तो आरोपी भाग निकले। प्रेम को मोदीनगर के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया गया। अब भी वे उपचाराधीन है। मामले में मोनू की तरफ से थाने में शिकायत दी गई है। एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना ने बताया कि आरोपी आशीष, मोहित व गौरव पर केस दर्ज किया गया है। इनकी तलाश की जा रही है। जल्द गिरफ्तारी होगी।
