मोदीनगर :
तहसील क्षेत्र के गांव शेरपुर में वर्षा के चलते बृहस्पतिवार सुबह मकान की छत गिर पड़ी। नीचे बैठी महिला मलबे में दबकर घायल हो गई। जबकि बेटा बाल बाल बचा। महिला का अस्पताल में उपचार चल रहा है।प्रशासनिक टीम ने मौके पर निरीक्षण किया है।
गांव शेरपुर में राहुल अपनी मां कुसुम व पत्नी के साथ रहते हैं। उनके दो मकान हैं। एक में कुसुम व दूसरे में राहुल और उनकी पत्नी रहती हैं। कुसुम पशुओं की देखभाल भी करती हैं। बृहस्पतिवार सुबह कुसुम पशुओं के लिए चारा लेकर आई थी। मकान में पशुओं का चारा रख रही थी। इसी बीच राहुल भी आया। अचानक मकान की छत गिर गई। मलबे में दबकर कुसुम घायल हो गई। राहुल बाल बाल बचे। राहुल ने आसपास के लोगों की मदद से मलबा हटाकर कुसुम को निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया। बताया जा रहा है कि मकान में मिट्टी की चिनाई थी। कई दिन से मकान जर्जर हालत में था। पीछे कई दिन से हो रही वर्षा के चलते छत में पानी भर गया था। दीवार में भी दरार खुल गई थी। हादसे के बाद मकान की चारदीवारी में मलबा फैला रहा। कुसुम के सिर, हाथ व पेट मे चोट आई है। इसके अलावा मुकीमपुर गांव में सुंदर अपनी पत्नी मितलेश के साथ मकान में थे। बृहस्पतिवार सुबह छत से आवाज आने लगी। वे जैसे ही मकान से बाहर आये तो छत गिर पड़ी। एक तरफ की दीवार भी तिरछी हो गई। एसडीएम मोदीनगर ने बताया कि दोनों जगहों पर लेखपाल को भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *