मोदीनगर : कोतवाली क्षेत्र की गोविंदपुरी में ठगो ने डेबिट कार्ड बदलकर व्यक्ति के खाते से दो लाख रुपये निकाल लिये। मामले में पीड़ित ने मोदीनगर थाने में शिकायत दी है। पीड़ित मोदीनगर की संतपुरा कालोनी के रविंद्र कुमार के मुताबिक, उनका एक बैंक में खाता है। वे खाते से रकम निकालने के लिए गोविंदपुरी में स्थित एक एटीएम में गए थे। यहां पहले से ही तीन आरोपित खड़े थे। रविेंद्र ने एटीएम मशीन में कार्ड लगाया, लेकिन रकम निकासी नहीं हुई। इस बीच आरोपित आए और मशीन में खराबी बताकर रविेंद्र को बातों में लगा लिया। बातों में आरोपितों ने उनका डेबिट कार्ड बदल दिया। असली कार्ड लेकर फर्जी उन्हें थमा दिया। पिन भी ले लिया। इसके बाद रविेंद्र वहां से चले गए। घर पहुंचने पर उनके मोबाइल पर खाते से रकम डेबिट होने का मैसेज आया। उन्होंने अपना डेबिट कार्ड देखा तो फर्जी का पता चला। उनकी शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
