मोदीनगर : गन्ना किसानों को फसलों में कीट की रोकथाम के लिए गन्ना विभाग की तरफ जागरूक किया गया। गन्ना विभाग की तरफ से किसानो को बचाव के तरीके व सावधानी के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विभाग के अधिकारी रावली कलां, काकड़ा, ढींढार और खंजरपुर गांव में पहुंचे। इस दौरान किसानों को पोका बोर नियंत्रण के लिए कापर आक्सीक्लोराइड का छिड़काव करने व संक्रमित पत्तियों को काटकर नष्ट करने की सलाह दी गई। साथ ही मिली बग के लिए इमिडाक्लोप्रिड का छिड़काव करने को कहा। खेत की साफ-सफाई और खरपतवार नियंत्रण पर ध्यान रखने के लिए जागरूक किया। जिला गन्ना अधिकारी प्रदीप कुमार ने कहा कि कीट प्रबंधन में समय पर पहचान और तुरंत उपचार बेहद महत्वपूर्ण है। लापरवाही की स्थिति में उत्पादन व गुणवत्ता दोनों पर असर पड़ता है। इसलिए किसान विभागीय सलाह का पालन करें। इस मौके पर ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक सुमित पांडेय आदि उपस्थित रहे।
