मोदीनगर दिल्ली मेरठ मार्ग पर गोविंदपुरी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर सोमवार दोपहर एक महिला की ऑटो में ही डिलीवरी हुई। महिला ने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया। जच्चा-बच्चा स्वस्थ हैं। सीएचसी में ही तीनों का उपचार चल रहा है। मानवतापुरी कॉलोनी के सुदर्शन कामगार हैं। पत्नी वैंजन देवी व पांच बेटियों के साथ रहते हैं। वैजन देवी को सोमवार सुबह प्रसवपीड़ा हुई। इस पर सुदर्शन ने सरकारी एम्बुलेंस के लिए कॉल की। लेकिन काफी देर तक भी एम्बुलेंस नहीं आई। परेशान होकर वे ऑटो से पत्नी को सीएचसी लेकर पहुंचे। यहां आते-आते प्रसव पीड़ा और बढ़ गई। महिला की तबीयत बिगड़ने पर सीएचसी में तैनात चिकित्सक व अन्य कर्मचारियों ने ऑटो में ही महिला की डिलीवरी करा दी। महिला ने जुडवा बच्चों एक बेटा व एक बेटी को जन्म दिया। प्रसव के बाद महिला को अस्पताल में भर्ती करा लिया गया। अस्पताल के अधीक्षक डा. दिनेश कुमार ने बताया कि महिला जिस समय अस्पताल पहुची तो प्रसव पीड़ा अधिक थी। ऐसे में आटो में ही डिलीवरी करनी पड़ी। बच्चे व महिला स्वस्थ हैं।