मोदीनगर दहेज में चार लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर लड़के वालों ने निकाह से दो दिन पहले रिश्ता तोड़ दिया। लड़की पक्ष के यहां निकाह की सारी तैयारी पूरी कर ली गई थी। इसी बीच लड़के पक्ष ने बरात लाने से इन्कार कर दिया। लड़की के भाई ने भोजपुर थाने में घटना की तहरीर दी है। गांव भोजपुर के एक व्यक्ति किसान हैं। उन्होंने अपनी बेटी का रिश्ता मुजफ्फरनगर जिले के एक गांव के युवक के साथ किया था। छह मई को शादी तय हुई थी। कुछ दिन पहले ही सगाई हुई थी, जिसमें उन्होंने 50 हजार नकद व अन्य सामान दिया था। अब शादी की तैयारी चल रही थी। इस बीच सोमवार को युवक पक्ष से काल आई। जिसमें कहा गया कि शादी में चार लाख रुपये नकद चाहिए। वरना बरात लेकर नहीं आएंगे। शादी तोड़ देंगे। युवती पक्ष ने मिन्नते की। पिता ने कहा कि उनका काफी रुपया शादी की तैयारियों में खर्च हो चुका है। अब चार लाख एकदम देना मुश्किल है। इसपर युवक पक्ष ने बरात लाने से इनकार कर काल काट दी। युवती के परेशान स्वजन ने इस संबंध में बिचौलिये से बात की। बिचौलिये ने युवक पक्ष को समझाने की कोशिश की। लेकिन बिना चार लाख लिये उन्होंने बरात लाने से मना कर दिया। मामले में युवती के भाई ने थाने में शिकायत दी है। एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।