मोदीनगर गणतंत्र दिवस रविवार को क्षेत्र में धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। निवाड़ी में गंगनहर पटरी मार्ग पर, भोजपुर में थाने के सामने व मोदीनगर में कादराबाद चेक पोस्ट पर वाहनों की चेकिंग की जा रही है। पुलिस संदिग्धों पर निगरानी रख रही है। खुफिया विभाग को भी क्षेत्र में अलर्ट किया गया है। एसीपी मोदीनगर ने भी तीनों थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर उन्हें निर्देश दिए हैं। बसस्टैंड, रेलवे स्टेशन समेत अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी बढ़ाई गई है।एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था किसी सूरत में प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। गणतंत्र दिवस को लेकर पुलिस अलर्ट मोड़ पर है। होटलों में भी चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। देखा जाएगा यहां कोई संदिग्ध तो नहीं रह रहा है। किसी स्तर पर भी चूक बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने बताया कि गणतंत्र दिवस से एक दिन पहले से ही चप्पे चप्पे पर पुलिस का कड़ा पहरा रहेगा। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में 24 घंटे पुलिस का मूवमेंट रहेगा। इंटरनेट मीडिया पर भी पुलिस निगरानी रखेगी। भड़काऊ कमेंट बाजी या पोस्ट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस की पूरी कोशिश है कि क्षेत्र में शांतिव्यवस्था बनी रहे।
