लगातार बढ़ रही घटनाएं,लोगों में आक्रोश

मोदीनगर भोजपुर थाना क्षेत्र में किन्हापुर गांव में ईख के खेत में गोवंशी के अवशेष मिले। गुस्साए हिंदू युवा वाहिनी के पदाधिकारियों ने जोरदार हंगामा किया। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस पर रात में गश्त नहीं करने का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अवशेषों को जमीन में दबवाया। हिंदू युवा वाहिनी के पदाधिकारियों की तरफ से भोजपुर थाने में शिकायत दी गई है। पुलिस केस दर्ज कर आरोपितों की तलाश में जुट गई है।

गांव किन्हापुर में अमराला के एक व्यक्ति के ईख के खेत हैं। कुछ किसान जंगल के बराबर से गुजर रहे थे। इस बीच उन्हें रास्ते में खून दिखा। थोड़ी आगे गए तो गोवंशी के अवशेष पड़े थे। सूचना थोड़ी ही देर में आसपास के क्षेत्र में फैल गई। हिंदु युवा वाहिनी के जिला महामंत्री नीरज शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन किया। कहा रात में पुलिस गश्त नहीं करती है। जिसके चलते आरोपितों के हाैसले बुलंद हैं। आरोपित रात में गोवंशी की हत्या कर गए और पुलिस को भनक तक ना लगी। सूचना पर कुछ ही देर में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पदाधिकारियों को शांत किया। लेकिन पदाधिकारी आरोपितों काे पकड़ने की मांग पर अड़े रहे। पुलिस ने मौके पर पशु चिकित्सक को बुलाया और सैंपल जांच के लिए भेजा। बताया जा रहा है कि पशुओं के अवशेष में सिर, पैर व अन्य अंग मिले हैं। बता दें कि भोजपुर थाना क्षेत्र में दो महीने पहले भी गोवंशी की हत्या की दो घटनाएं हुई थी। जिसमें चौकी प्रभारी व बीट कांस्टेबल पर गाज गिरी थी। इसके बावजूद भोजपुर पुलिस गोवंशी की हत्या की घटनाएं रोकने पर नाकाम साबित हो रही है। बदमाशों में पुलिस को खौफ नहीं दिख रहा है। एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय का कहना है कि आरोपिताें की तलाश में पुलिस टीम जुटी है। जल्द सभी की गिरफ्तारी कर घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *