- पीछा कर पकड़ा दूसरा आरोपी , तीसरा फरार, एक तमंचा, कारतूस व गोकशी के औजार बरामद
मोदीनगर एक महीने पहले निवाड़ी रोड पर कांन्हा एन्कलेव के निकट गोवंशी की हत्या कर अवशेष फेंकने वाले आरोपितों से निवाड़ी पुलिस की मंगलवार रात को निवाड़ी रोड पर जंगल में मुठभेड़ हो गई। आरोपितों ने पुलिस पर तमंचे से फायर किया। गनीमत रही कि किसी को गोली नहीं लगी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की। जिसमें एक आरोपित के पैर में गोली लगी। दूसरे आरोपित को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। जबकि तीसरा मौके से भाग निकला। आरोपितों के कब्जे से एक तमंचा, दो कारतूस व गोकशी के औजार बरामद हुए हैं। एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित वेब सिटी थाना क्षेत्र के डासना का बिलाल व मोनिस हैं। फरार आरोपित शानू हैं। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपित निवाड़ी रोड पर जंगल में गोवंशी की हत्या के इरादे से घूम रहे हैं। इसपर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आरोपितों की घेराबंदी की। इस बीच आरोपित बिलाल ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। गोली पुलिसकर्मियों के पास से होकर गुजरी। इसपर पुलिस ने बचाव में आरोपितों पर फायरिंग की। गोली बिलाल के पैर में लगी और वह गिर पड़ा। आरोपित माेनिस व शानू भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर मोनिस को पकड़ लिया। लेकिर शानू रात के अंधेरे में फरार हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के मुताबिक, एक महीने पहले हुई गोवंशी की हत्या की घटना आरोपितों ने कबूली है। इन्होंने कांन्हा एन्कलेव के निकट बेसहारा गोवंशी की हत्या कर दी थी। उसके अवशेष जंगल में फेंक दिये। मांस को अासपास के जिले में बेच आए। एसीपी ने बताया कि दोनों आरोपित जेल भेज दिये गए हैं। तीसरे की तलाश जारी है।
