मोदीनगर गन्ना पेराई सत्र शुरू हो गया है। किसान ट्रैक्टर ट्राली में गन्ना भरकर शुगर मिल में डाल रहे हैं। लेकिन ट्राली में रिफ्लेक्टर नहीं लगे हैं। जिससे हादसे का खतरा बना है। कोहरे में दृष्यता कम होने पर ट्राली नहीं दिखती और पीछे से आ रहे वाहन से भिड़ंत हो जाती है। पिछले सालों में एेसे कई मामले सामने आ चुके हैं। लेकिन इसको लेकर यातायात पुलिस गंभीर नहीं है। पुलिसकर्मी सब कुछ देखते हुए भी अनदेखी में लगे हैं। सर्दी बढ़ने लगी है। सुबह के समय कोहरा भी रहता है। ऐसे में बड़े वाहनों में रिफ्लेक्टर लगाने जरूरी होते हैं। जिससे हादसे होने से बचाव हो सके। लेकिन गन्ने से भरे ट्रैक्टर-ट्राली व ट्राला बिना रिफ्लेक्टर के ही दिल्ली-मेरठ मार्ग पर दौड़ रहे हैं। प्रत्येक वर्ष यातायात पुलिस शुगर मिल में अभियान चलाकर ट्रैक्टर-ट्राली पर रिफ्लेक्टर लगाती है। लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ है। बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्राली दौड़ रहे हैं। लेकिन किसी पर भी रिफ्लेक्टर नहीं है। एसीपी का कहना है कि यातायात पुलिस को इसको लेकर निर्देशित किया जाएगा।