मोदीनगर महीने के तीसरे शनिवार को मोदीनगर तहसील के सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ, जिसमें 45 शिकायतें आई। तीन का मौके पर समाधान करा दिया गया। समाधान दिवस की अध्यक्षता एडिशनल कमिश्नर मेरठ मंडल गरिमा सिंह ने की। उनके साथ एसडीएम मोदीनगर डा. पूजा गुप्ता व एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय रहे। इस दौरान अधिकांश शिकायतें जमीनी विवाद व बिजली को लेकर आई। मौके पर तीन का निस्तारण कर शेष सभी शिकायतें संबंधित विभाग के अधिकारियों को प्रेषित कर दी गई। महीने के पहले व तीसरे शनिवार को तहसील में जबकि दूसरे व चौथे शनिवार को थानों में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित होता है। इसी के अंतर्गत सुबह दस बजे से माेदीनगर तहसील में अधिकारी लोगों की शिकायतें सुनने के लिए पहुंच गए। बिजली, स्वास्थ्य, पुलिस, राजस्व, जीडीए, वन, समाजकल्याण, विकास समेत अन्य विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे। इस दौरान देवेंद्रपुरी के अमित कुमार ने कालोनी में हुए अतिक्रमण को लेकर शिकायती पत्र दिया। मोदीनगर की सुभाष विहार कालोनी की अंजू ने एक महिला के खिलाफ शिकायत दी। महिला पर उनके पति को झांसे में लेने का आरोप लगाया। मौके पर लोगों की सुनवाई कर संबंधित विभाग के अधिकारी को मौके पर बुलाकर समस्या के समाधान कराने की कोशिश की गई। दो बजे तक समाधान दिवस जारी रहा। कोई हंगामा या प्रदर्शन समाधान दिवस में नहीं हुआ।
