मोदीनगर
कोतवाली क्षेत्र की एक कालोनी में महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपित पिछले 13 साल से महिला को शादी का झांसा दे रहा था। अब युवक ने शादी के लिए मना कर दिया। आरोप है कि आरोपित ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी है। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की है। पुलिस शिकायत के आधार पर जांच में जुट गई है।
तिबड़ा रोड स्थित एक कालोनी में महिला की शादी हुई थी। 14 साल पहले पति की मौत हो गई। महिला को एक बेटा भी है। तभी से महिला बेटे के साथ कालोनी में ही रहती हैं। वहां 13 साल पहले पड़ोस में ही एक युवक से महिला की मुलाकात हुई। कुछ समय बाद दोनों में दोस्ती हो गई। युवक कुछ दिन बाद उन्हें एक घर में लेकर गया और उनके साथ दुष्कर्म किया। महिला ने विरोध किया तो आरोपित ने शादी करने का भरोसा दिया। कहा दो-तीन साल बाद शादी कर लेंगे। महिला भी उनके झांसे में आ गई। तभी से आरोपित उनका शारीरिक शोषण करता आ रहा है। यह सिलसिला पिछले 13 साल से चल रहा है। अब महिला ने कुछ दिन पहले युवक से शादी के लिए कहा तो आरोपित ने मना कर दिया। कहा उसका रिश्ता कहीं और तय हो गया है। घर के लोग महिला से शादी के लिए तैयार नहीं है। ऐसे में वह उनसे शादी नहीं कर सकता है। आरोपित ने धमकी दी यदि शादी का दबाव बनाया तो वह उन्हें झूठे मुकदमे में फंसवा देगा। तभी से महिला दहशत में है। उन्होंने एसीपी मोदीनगर व थाने में शिकायत दी है। एसीपी का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
