मोदीनगर
किसानों के लिए राहत की खबर है। मोदी शुगर मिल में तीन नवंबर से गन्ना पेराई शुरू होगी। 31 अक्टूबर से गन्ने की खरीद भी शुगर मिल शुरू कर देगा। तीन नवंबर से शुगर मिल गेट पर भी गन्ने की खरीदारी शुरू होगी। गन्ना विभाग की तरफ से गन्ना पेराई को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गन्ना किसानों को गन्ना कैलेड़र वितरित किये जा चुके हैं। प्रबंध कमेटी के चुनाव भी हाल ही में संपन्न हुए हैं। अब पेराई भी मोदी शुगर मिल में शुरू हो जाएगी। इस बार गन्ना आपूर्ति का लक्ष्य 95 लाख क्विंटल रखा गया है। मोदी शुगर मिल के उपाध्यक्ष वेदपाल मलिक ने बताया कि किसान शुगर मिल में अंगौला रहित ताजा गन्ना ही डाले। गन्ना पर्ची जारी होने के 72 घंटे के भीतर अवश्य गन्ना यहां भेज दें। बाह्य गन्ना क्रय केंद्रों पर 31 अक्टूबर व मिल गेट पर तीन नवंबर के लिए इंडेन्ट प्रेषित किया गया है।
