• कलछीना गांव की घटना, छह पर केस दर्ज, तलाश में जुटी पुलिस

मोदीनगर

भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव कलछीना में बुधवार रात खुले में शराब पीने से मना करने पर दबंगों ने लाठी से सिपाही का सिर फोड़ दिया। दाराेगा व अन्य पुलिसकर्मियों के साथ भी दबंगों ने अभद्रता की। इसके बाद रात के अंधेरे में जंगलों के रास्ते फरार हो गए। मामले में कलछीना चौकी प्रभारी की शिकायत पर पुलिस ने छह आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया है। उनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

भोजपुर पुलिस बुधवार रात कलछीना गांव में गश्त पर थी। इस बीच कलछीना में सामुदायिक केंद्र के निकट कुछ लोग खुले में शराब पी रहे थे। पुलिसकर्मियों ने उन्हें वहां शराब पीने के लिए मना किया। इसपर आरोपित भड़क गए और पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज करने लगे। पुलिस ने उन्हें समझाने की कोशिश की लेकिन आरोपित नहीं माने। अारोप है कि इस बीच एक आरोपित ने पुलिस की चीता बाइक से लाठी निकालकर सिपाही कौशिंद्र को पीटना शुरू कर दिया। उनके सिर पर वार भी किया। जिससे वे लहुलुहान हो गए। इस दौरान अन्य पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की गई। पुलिस ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की लेकिन आरोपित वहां से भाग निकले। पुलिस ने एक-दो आरोपित को पहचान लिया। रात में उनकी तलाश में कांबिंग की। लेकिन पता नहीं चला। पुलिस आरोपितों के घर भी पहुंची। लेकिन वे घर बंद तक फरार हो गए हैं। उधर, कौशिंद्र का अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामले में कलछीना चौकी प्रभारी धर्मेंद्र सिंह की शिकायत पर कलछीना के अशोक व राहुल और चार अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया। एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि आरोपितों की तलाश में टीम दबिश दे रही है। जानलेवा हमले की धारा में केस दर्ज हुआ है। जल्द आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *