मोदीनगर
कोतवाली क्षेत्र की डबल स्टोरी कालोनी में पुरानी कहासुनी को लेकर दबंगों ने दंपती को बुरी तरह पीट दिया। आसपास के लोग जब आने लगे तो आरोपित जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। मारपीट में व्यक्ति को गंभीर चोट आई हैं। महिला की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। डबल स्टोरी कालोनी की आशा के मुताबिक, उनके पति बलविंदर सिंह रात के समय घर के बाहर बैठे थे। इस बीच पड़ोसी कुछ आरोपित आए और गाली-गलौज करने लगे। पहले तो बलविंदर सहन करते रहे। लेकिन जब आरोपित शांत नहीं हुए तो उन्होंने विरोध किया। आरोप है कि इसपर आरोपितों ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया। जमीन पर गिराकर लात-घूसों से बुरी तरह पीटा। शोर सुनकर जब बीच-बचाव कराने के लिए आशा पहुंची तो आरोपितों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी। काफी देर तक हंगामा चलता रहा। आसपास के लोग जब इकट्ठा होने लगे तो आरोपित भाग निकले। पीड़ित परिवार तभी से दहशत में है। बलविंदर के सिर में चोट आई है। उनका चिकित्सक के यहां उपचार कराया गया है। आशा ने बताया कि आरोपित से पिछले दिनों कहासुनी हुई थी। एसीपी का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
