• मंदिर के बाहर ही चार घंटे तक धरने पर बैठे रहे लोग

मोदीनगर

नगर के सीकरी खुर्द स्थित महामाया देवी मंदिर मे लगी प्रसाद की दुकानों से नगरपालिका द्वारा शुल्क वसूलने के विरोध में लोगों ने शनिवार को जोरदार हंगामा किया। नगरपालिका अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद सभी लोग मंदिर गेट पर धरने पर बैठ गए। उनके बीच पहुंचे डीएम ने मदद का भरोसा देकर शांत किया। शुल्क वापस नहीं होने पर लोगों ने आंदोलन की चेतावनी दी है। परिसीमन होने के बाद सीकरी खुर्द गांव नगरपालिका सीमा में आ गया है। इसके चलते अब मंदिर के पास प्रसाद की दुकानों से शुल्क लेने का नगरपालिका ने नियम लागू किया है। प्रसाद का भी मूल्य निर्धारित किया गया है। शनिवार को नगरपालिका के कर्मी दुकानों से 1500 रुपये शुल्क लेने पहुंचे। इसको लेकर लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। थोड़ी ही देर में गांव से भी लोग वहां इकट्ठा हो गए। इसके बाद सभी ने धरना शुरू कर दिया। हंगामा बढ़ता देख नगरपालिका के कर्मचारी वहां से निकल गए। इसी बीच डीएम गाजियाबाद मंदिर में पहुंचे। लोगों ने अपनी समस्या उनके सामने रखी। कहा इसी से उनके परिवार का पालन होता है। यदि इतना शुल्क नगरपालिका को दिया तो उन्हें कुछ नहीं बचेगा। डीएम ने मदद का भरोसा दिया। करीब चार घंटे तक लोग वहीं बैठे रहे। गांव के ही राहुल गुर्जर ने बताया कि यह अधिकारियों की तानाशाही है। यह किसी सूरत में सहन नहीं होगी। शुल्क खत्म होना चाहिए। इस मौके पर उत्तम कुमार, मोनू गुर्जर, अशोक गोस्वामी, सतेंद्र गोस्वामी, सोनू गुर्जर, तिलक राज, साहब सिंह, राहुल कुमार, गौरव गुर्जर, नरेंद्र, वतन प्रजापति, ज़िले सिंह आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *