मोदीनगर
दिल्ली-मेरठ मार्ग पर काजमपुर गेट के समीप शनिवार रात काम से लौट रहे बाइक सवार मनोज को एक तेज रफ्तार कैंटर ने टक्कर मार दी। हादसे में मनोज गंभीर रूप से घायल हो गए तथा बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। मनोज को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया,जहां चिकित्सक ने उन्हे मृत घोषित कर दिया।
लक्ष्मीनगर कॉलोनी निवासी 40 वर्षीय मनोज कुमार गाजियाबाद स्थित एक दुकान पर काम करते थे। बताया कि शनिवार रात वह बाइक द्वारा काम से घर लौट रहे थे। जैसे ही मनोज दिल्ली-मेरठ मार्ग पर काजमपुर गेट के पास पहुंचे तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार कैंटर ने किसी वाहन को ओवरटेक करने के चक्कर में बाइक को जोर टक्कर मार दी। मनोज की मौत की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। मनोज विवाहित थे। परिवार में पत्नी मुन्नी देवी ,पुत्र हर्ष और यश के अलावा 12 वर्षीय पुत्री नैना है। मनोज परिवार में अकेले कमाने वाले थे उनकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट पैदा हो गया।
एसीपी ज्ञानप्रकाश ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर वाहन को कब्जा में लिया गया है।