Ghaziabad | विजयनगर थाना क्षेत्र के सैन विहार गली में दीपक ज्वैलरी शॉप है। 26 अक्टूबर की शाम शॉप पर दीपक बैठे हुए थे। इसी दौरान दो महिलाएं आईं और नाक की सोने वाली बाली दिखाने को कहा। दीपक ने बालियों से भरा पूरा डिब्बा उनके सामने रख दिया। डिब्बे में गिनकर 35 बाली रखी थीं। कुछ देर रुकने के बाद महिलाओं ने पसंद नहीं आने की बात कहते हुए बाली लेने से मना कर दिया और जाने लगीं। इसी बीच दीपक ने डिब्बे का वजन किया तो वो कम निकला। इसके बाद उसने शक होने पर दोनों महिलाओं को रोक लिया। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी तो दोनों महिलाएं सोने की बाली चुराते हुए कैद हो गईं। मामला बढ़ने पर आसपास के अन्य व्यापारी इकट्ठा हो गए। इसके बाद महिलाओं ने दुकान से चुराई गईं चारों बालियां निकालकर काउंटर पर रख दीं। इसी दौरान पुलिस आ गई और दोनों महिलाओं को थाने पर ले गई। सर्राफ दीपक ने दोनों महिलाओं के खिलाफ थाना विजयनगर में चोरी का मुकदमा दर्ज कराया है।