Modinagar इस बार होली के बाजार पर भी सियासी रंग चढ़ गया है। भगवा रंग के भाव सबसे अधिक हैं। वहीं हरा रंग सस्ते में बिक रहा है। भाव अधिक होने के बावजूद भगवा रंग की मांग बढ़ गई है। लोग चाव से खरीदकर उसे घर ले जा रहे हैं। इससे साफ है कि होली के दिन यह त्योहार भी भगवा रंग से सराबोर नजर आएगा।
चुनाव परिणाम आए अभी ज्यादा दिन नहीं बीते हैं। हर कोई अभी तक चुनावी उलटफेर पर चर्चा करने में व्यस्त है। प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी सरकार की वापसी को लेकर समर्थकों में जोश है। इसका असर होली के बाजार पर भी साफ दिख रहा है। बाजारों में वैसे तो नीला, पीला, हरा, गुलाबी और लाल आदि रंगों की भरमार है, लेकिन भगवा गुलाल सब पर भारी है। गुरूद्वारा रोड, फफराना रोड, अपर बाजार, गोविन्दपुरी, तिबड़़ा रोड, निवाड़ी रोड आदि जगहों की दुकानों पर भगवा रंग 200 से 220 रुपये प्रतिकिलो की दर से बिक रहा है।
दुकानदार किशन लाल अग्रवाल ने बताया अधिक कीमत होने के बावजूद हर अधिकांश ग्राहक भगवा रंग ही खरीद रहा है। बाजार में भगवा रंग की मांग बढ़ने के चलते उसकी कमी पड़ गई है। इसलिए इसे और मंगाने के लिए आर्डर नोट कराए जा रहे हैं। लोग इस रंग को योगी.-मोदी से जोड़कर होली खेलने के लिए उत्साहित हैं। जबकि भगवा के अलावा हरा, लाल, नीला आदि रंग 140 रुपये प्रतिकिग्रा की दर से बिक रहे हैं, इसके बावजूद ग्राहकों का रुझान भगवा की ओर ही है।
रंग, बिरंगे गुलाल की कीमत पर एक नजर
रंग का नाम कीमत प्रतिकिलो
लाल 120 से 150 रुपये
पीला 140 से 150 रुपये
नीला 140 से 150
हरा 140 से 150
भगवा 200 से 220

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *