Modinagar जून 2020 में जम्मू-कश्मीर के शोपियां में मुठभेड के दौरान एक आतंकी को ढ़ेर करने वाले गौरव तोमर को भारतीय सेना की तरफ से सेना मेडल दिया गया है। गौरव के शौर्य से ना केवल उनके गांव का बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम ऊंचा हुआ है।
22 जनवरी 2022 को कोलकाता में आयोजित कार्यक्रम में लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडेय ने उन्हें मेडल देकर सम्मानित किया। गौरव कुछ दिन पहले ही छुट्टी पर गांव दतैड़ी में अपने घर आए हैं। यहां ग्रामीणों ने मिठाई खिलाकर उन्हें बधाई दी। गौरव के शौर्य की पूरे गांव में चर्चा है।
मोदीनगर क्षेत्र के गांव औरंगाबाद दतैडी के गौरव तोमर भारतीय सेना की 44 राष्ट्रीय राइफल्स रेजिमेंट में लांस नायक हैं। इन दिनों उनकी तैनाती अरूणाचल प्रदेश में चल रही है। घर में मां कुंती देवी, पत्नी व एक बेटा हैं। गौरव के मुताबिक, 2020 में उनकी तैनाती जम्मू-कश्मीर में थी। इस दौरान शोपियां इलाके में आतंकियों ने हमला कर दिया। उन पर काबू पाने के लिए उनके नेतृत्व में सेना का आपरेशन शुरू हुआ, जो 16 घंटे तक चला। इसमें उन्होंने हिजबुल मुजाहिदीन आंतकी संगठन के आंतकी को मार गिराया। उनके शौर्य को देखते हुए 15 अगस्त 2021 को सेना की तरफ से उनके नाम की घोषणा सेना मेडल के लिए की गई थी। अब जनवरी 22 को उन्हें मेडल देकर सम्मानित किया गया। गौरव तोमर ने बताया कि आपरेशन के दौरान लगातार दोनों तरफ से गोलियां चल रही थी। लेकिन, उन्होंने हौसला बनाए रखा और आतंकियों को मार गिराया। माता कुंती देवी को अपने बेटे पर गर्व हैं। गांव के युवाओं में भी उन्हीं की तरह सेना में भर्ती होकर देश सेवा करने की भावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *