Modinagar । दहेज लोभियों ने विवाहिता के साथ जमकर मारपीट की ओर गर्भपात कराकर घर से बाहर निकाल दिया। पीड़िता ने ससुरालियों से परेशान हो थाने में तहरीर दे पुलिस से कार्रवाही की मांग की है।जिसके आधार पर पुलिस ने मंगलवार को आरोपित पति समेत पांच ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
थानान्तर्गत तेल मिल कालोनी निवासी युवती का विवाह कुछ वर्ष पूर्व जनपद हापुड़ के पिलखुवा निवासी युवक के साथ हुआ था। आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज में कार व नकदी मांगते चले आ रहे थे। विरोध करने पर विवाहिता के साथ मारपीट व यातनाएं दे रहे थे। बाबजूद इसके विवाहिता ससुरालियों की यातनाएं चुपचाप झेलती रही। कुछ माह बाद वह गर्भवती हो गई। पीड़िता के अनुसार, ससुरालियों ने जबरदस्ती उसका गर्भपात भी करा दिया। कुछ दिन पहले ससुरालियों ने उनसे मायके जाकर दहेज लाने के लिए कहा। जब युवती ने अपने परिवार की आर्थिक स्थिति खराब होने का हवाला देकर ससुरालियों से दहेज के लिए मना किया तो आरोपित भड़क गए। आरोप है कि पति व ससुरालियों ने उन्हें लात-घुसों से जमकर पीटा। बाद में घर से निकाल दिया। किसी तरह पीड़िता यहां मोदीनगर अपने घर पहुंची। परिजनों को आपबीती सुनाई। अगले ही दिन थाने में जाकर पुलिस से शिकायत कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कोतवाल मुनेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति कुलदीप, ससुर संतराम, सास कमलेश, ननद ममता, रिकू व एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटना की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाही की जायेंगी
