Modinagar : गन्ने लेकर शुगर मिल जा रहे चालक को बंधक बनाकर बदमाशों ने तमंचे के बल पर ट्रैक्टर ट्रॉला लूट ली। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने चालक को तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। जाते समय बदमाश चालक के हाथ पैर बांधकर खेत में फेंक गए। पुलिस ने लूट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जिला बागपत के थाना बड़ौत के गांव बरौली निवासी अजय मलिक गन्ना तौल केन्द्र से शुगर मिल में ट्रैक्टर ट्राला से गन्ने की ढुलाई का ठेका ले रखा है। अजय मलिक ने ट्रैक्टर चलाने क लिए मुजफ्फरनगर निवासी अर्जुन को नौकरी रख रखा है। बताया जा रहा है कि दतैड़ी तौल केन्द्र से अर्जुन गन्ना लेकर ट्रैक्टर ट्राला लेकर मोदी शुगर मिल के लिए चला।जब वह कस्बा फरीदनगर स्थित गैंस एजेंसी के पास पहुंचा तो बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसे रोक लिया। इसके बाद बदमाशों ने तमंचे के बल पर उसे बंधक बना लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने तमंचे की बट मारकर चालक को घायल कर दिया। इसके बाद चालक के हाथ पैर बांधकर उसे खेत में फेंक दिया और गन्ने से भरा ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर फरार हो गया। चालक किसी तरह बंधनमुक्त हुआ और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिग भी की, लेकिन वह नहीं मिले। पीड़ित ने इस संबंध में थाने में तहरीर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश् शुरू कर दी गई है।
