मोदीनगर। सोमवार सुबह पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गया। पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण नगर की पांच कॉलोनियो में पानी की आपूर्ति बाधित हो गई। छह घंटे से अधिक समय तक पानी की आपूर्ति बाधित रहने के कारण तीस हजार से अधिक लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। नगर पालिका परिषद द्वारा कॉलोनियों में पेयजल आपूर्ति करने के लिए पाइपलाइन बिछा रखी है। जल निगम द्वारा डाले जा रहे सीवर लाइन के निर्माण कार्य के कारण निवाड़ी मार्ग पर राज चैपले के पास पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण देवेन्द्रपुरी, शिवपुरी, नई कॉलोनी, महेन्द्रपुरी व निवाड़ी मार्ग कॉलोनी में सुबह पेयजल आपूर्ति बाधित रही। कॉलोनी के लोगों ने बताया कि सुबह पांच बजे से दस बजे तक पानी की सप्लाई की जाती है। सोमवार सुबह पानी नहीं आने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पानी की सप्लाई नहीं आने के कारण लोगों की लाइन हैंडपंप के सामने देखी गई। कॉलोनी के लोगों ने इसकी शिकायत नगर पालिका परिषद के अधिकारियों से की। पेयजल लाइन ठीक होने के बाद सोमवार शाम पांच बजे आपूर्ति सुचारू की गई। पालिकाध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने बताया कि सूचना मिलते ही पेयजल लाइन ठीक करा दी गई है।