Modinagar । प्रदेश सरकार की तरफ से क्षेत्र में इन दिनों राशन वितरण किया जा रहा है। इसमें कार्डधारकों को गेहूं, चावल के साथ ही तेल, नमक व चना भी मिल रहा है। पात्र गृहस्थी कार्ड धारकों को जहां प्रति यूनिट दो किलो चावल, तीन किलो गेहूं व एक-एक किलो तेल, चना व नमक मिल रहा है। वहीं, अंत्योदय कार्ड धारकों को एक मुश्त प्रति कार्ड 20 किलो गेहूं, 15 किलो चावल व एक-एक किलो तेल, चना व नमक मिल रहा है।
रविवार को क्षेत्र की तमाम राशन की दुकानों पर ईपीओएस ( इलेक्ट्रानिक प्वाइंट आफ सेल) मशीन में तकनीकी दिक्कत आ गई। इससे राशन वितरण प्रभावित रहा। कोटेदारों ने क्षेत्र स्तरीय अफसरों से शिकायत की। वहां से जिलास्तर के अधिकारियों से बात की गई। वहां से इस खामी को दूर किया गया, तब कहीं जाकर वितरण शुरू हो पाया। बताया गया कि राशन वितरण की मशीनों में सर्वर की काफी दिक्कत आ रही हैं। इससे वितरण नहीं हो पा रहा है। वहीं, उपभोक्ता समझते हैं कि जानबूझ कर डीलर वितरण नहीं कर रहे हैं। इसके चलते डीलरों को कई बार टकराव का सामना करना पड़ता है। क्षेत्रीय पूर्ति अधिकारी सौम्या पाठक ने बताया कि रविवार को कुछ डीलरों से इसकी शिकायत मिली थी। इस पर शासन स्तर से इस खामी को शाम तक खत्म करा दिया गया।
