गाजियाबाद। मोदीनगर में तैनात विद्युत विभाग के एसडीओ प्रमोद कुमार और उनकी पत्नी आशा पर तीन युवकों ने पेचकस और प्लास से हमला कर लहूलुहान कर दिया। घटना रविवार शाम करीब सवा सात बजे विजयनगर के बागू में हुई। एसडीओ ने विजयनगर में रहने वाले अपने रिश्तेदारों को फोन किया, जिन्होंने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस रोडरेज को लेकर घटना होने की संभावना जता रही है। वहीं, एसडीओ का कहना है कि तीनों युवक पैदल थे।
गौतमबुद्धनगर के गांव चिपियाना स्थित ओम साईं गार्डन में रहने वाले प्रमोद कुमार विद्युत निगम में एसडीओ हैं। उनकी तैनाती मोदीनगर विद्युत उपकेंद्र पर है। प्रमोद कुमार का कहना है कि रविवार को वह विजयनगर के कृष्णा नगर बागू में अपने भाई व बहनोई के पास गए थे। वहां से कार में लौटते वक्त वह जैसे ही बागू में गुलाब हलवाई के सामने पहुंचे तो तीन युवकों ने उनके शीशे पर हाथ मारा। उन्होंने शीशा खोला तो युवक गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर युवकों ने उनके सिर पर प्लास और पेचकस से हमला कर दिया। उन्होंने शीशा बंद करने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने नहीं करने दिया। पत्नी आशा कार से उतरकर उन्हें बचाने के लिए दौड़ीं तो युवकों ने उनके सिर पर भी पेचकस और प्लास से हमला कर दिया। लोग देखते रहे, पत्नी को घेरकर बचाना पड़ा
एसडीओ का कहना है कि घटना के दौरान काफी लोग मौजूद थे। उन्होंने मदद भी मांगी, लेकिन कोई आगे नहीं आया। पत्नी को बचाने के लिए उन्होंने उन्हें घेर लिया। जिसके बाद हमलावरों ने उनके सिर पर पेचकस और प्लास से कई वार किए। बुरी तरह लहूलुहान होने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
खंगाली जा रही फुटेज
युवकों ने एसडीओ और उनकी पत्नी को घायल किया है। घटना की वजह पता लगाई जा रही है। आरोपियों की पहचान के लिए घटनास्थल पर लगे पसीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *