Modinagar । पुलिस ने शादी के मंडप से एक दूल्हे को उठाकर हवालात में डाल दिया। सहारनपुर से एक युवती द्वारा डायल 112 पर की गई कॉल पर पुलिस ने यह कार्यवाही की। धोखे से शादी करने की बात का पता चलने पर ग्रामीणों ने बारातियों को बंधक बना लिया। पुलिस घराती व बारातियों को थाने में ले आई।
निवाड़ी थानान्तर्गत गांव मकरमतपुर सिखैड़ा निवासी रविन्द्र कोली ने अपनी बहन की शादी सहारनपुर के कैलाशी लाइन कॉलोनी निवासी अंकित पुत्र मोहनलाल के साथ तय की थी। अंकित सोमवार को बारात लेकर गांव सिखैड़ा पहुंचा। घरातियों ने बारात का जोरदार स्वागत किया। पहले जयमाला का कार्यक्रम हुआ। जयमाल के बाद फेरों की तैयारी चल रही थी। दूल्हा-दुल्हन भी मंडप में आ गए थे और पंडित मंत्र जाप कर रहे थे। इसी बीच शाम पांच बजे के आसपास निवाड़ी थाने से दो गाड़ियां एमपी सिखैड़ा विवाह स्थल पर पहुंचीं। गाड़ी से तीन दारोगा और आधा दर्जन से अधिक महिला सिपाही सहित अन्य पुलिसकर्मी उतरे और दूल्हे को मंडप से उठाकर गाड़ी में बैठा लिया। यह देखकर मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने बताया कि दूल्हा धोखा देकर शादी कर रहा है।
फोन कॉल पर दौड़ी पुलिस
निवाड़ी थाना एसएसआई महेश राणा ने बताया कि सहारनपुर से डायल 112 पर एक कॉल आई थी। कॉल करने वाली युवती ने बताया कि सहारनपुर निवासी युवक शादी का झांसा देकर उसका काफी समय यौन शोषण कर रहा था, और अब चुपके से गांव एमपी सिखैड़ा में शादी कर रहा है। इतना ही नहीं युवती ने सहारनपुर पुलिस के साथ डायल 1090 पर भी शिकायत की थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई है। थाने में पहुंचकर दूल्हा अंकित ने पुलिस को बताया कि उसकी कॉलोनी में ही रहने वाली एक युवती से बीते पांच साल से संबंध थे।
ग्रामीणों ने बारात को बंधक बना किया हंगामा
जैसे ही ग्रामीणों को पता चला कि युवक धोखा देकर शादी कर रहा हैष् पहले तो दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर बारात को बंधक बना लिया। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर मारपीट भी हुई। पुलिस दोनों पक्षों को निवाड़ी थाने ले आई।
सीओ पुलिस सुनील कुमार सिंह का कहना है कि सहारनपुर से डायल 112 पर आई शिकायत के बाद निवाड़ी पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई है। युवती ने इस संबंध में सहारनुपर में डायल 1090 पर भी शिकायत दी है। यदि इस मामले में तहरीर आती है तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
