प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के अंतिम संस्कार के दौरान बुलंदशहर के नरौरा में एक लाख लोगों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। जिला प्रशासन ने एक लाख लोगों के आने की संभावना को लेकर तैयारियां पूर्ण की हैं। अलीगढ के गांव अतरौली से शुरू होकर डिबाई पहुंचेगी। इस दौरान अंतिम यात्रा 40 किमी का सफर तय करेगी। जहां से नरौरा के बांसी घाट पर पहुंचेगी। मेरठ, गाजियाबाद और बुलंदशहर के नामचीन 21 पुरोहित मंत्रोच्चारण के साथ अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूर्ण कराएंगे।
बाबू जी के पार्थिव शरीर का पांच कलश से स्थान और चार कलश से अंतिम संस्कार कराया जाएगा। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार, सीडीओ अभिषेक पांडेय, सिटी मजिस्ट्रेट ने दिन निकलते ही तैयारियों का जाएजा लिया। इसके साथ आईजी परवीन कुमार भी मौके पर पहुंचे। जिला प्रशासन को सीएम योगी आदित्यनाथ, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्रियों का कार्यक्रम प्राप्त हो चुका है। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की पार्थिव देह शाम चार बजे तक नरौरा घाट पहुंचेगी। विधि विधान से नरौरा बासी घाट स्थित बच्चा पार्क में अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम संस्कार की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। अंतिम संस्कार में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी समेत अन्य वीवीआइपी शामिल होंगे। इसके लिए चार हेलीपैड बनाए गए हैं। अंतिम यात्रा सड़क मार्ग से अतरौली से नरौरा गंगा घाट पहुंचेगी।
