विशाखापत्तनम राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में भारतीय नौसेना के फ्लीट की समीक्षा कर रहे हैं। रक्षा मंत्रालय के एक आधिकारिक बयान के अनुसार यह बारहवां फ्लीट रिव्यू है। इसे भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर आजादी का अमृत महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। इस बार प्रेसिडेंट फ्लीट रिव्यू-2022 (PFR-22) की थीम ‘भारतीय नौसेना-राष्ट्र की सेवा में 75 साल’ रखी गई है। यह दूसरी बार है, जब विशाखापत्तनम PFR की मेजबानी कर रहा है। पहली बार, 2006 में भारत के तत्कालीन राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम ने यहां नौसैनिक बेड़े की समीक्षा की थी।
फ्लाई-पास्ट का प्रदर्शन
अधिकारियों ने बताया कि PFR-22 के तहत कोविंद युद्धपोतों सहित नौसेना के दो फ्लीट और तटरक्षक बल, भारतीय नौवहन निगम तथा पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय (Shipping Corporation of India and Ministry of Earth Sciences) के फ्लीट की समीक्षा करेंगे, जिसमें 10,000 से अधिक कर्मियों द्वारा संचालित 63 जहाज और पनडुब्बियां शामिल होंगी। कार्यक्रम में मिकोयान मिग-29के, बोइंग पी-8आई नेप्च्यून और एचएएल ध्रुव एमके3 सहित 50 विमान फ्लाई-पास्ट का प्रदर्शन करेंगे।
स्टीम पास्ट का प्रदर्शन
नौसेना के अनुसार, फ्लाईपास्ट के बाद मरीन कमांडो (MARCOS) आतंकवाद निरोधी अभियान और खोजी एवं बचाव अभ्यास के अलावा कुछ पनडुब्बियों के जरिये ‘स्टीम पास्ट’ का प्रदर्शन करेंगे।