मोदीनगर।कोतवाली क्षेत्र के गांव कादराबाद में मंगलवार रात कूलर में आ रहे करंट की चपेट में आने से दो साल के बच्चे की मौत हो गई। वह खेलते हुए सीढ़ियों से कूलर पर गिरा और करंट की चपेट में आकर झुलस गया। आनन-फानन में स्वजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। स्वजन की सहमति पर पुलिस ने पोस्टमार्टम नहीं कराया है। स्वजन का कहना है कि उन्हें जानकारी नहीं थी कि कूलर में करंट आ रहा है। कादराबाद के मोनी सिंह एक फैक्ट्री में नौकरी करते हैं। घर में पत्नी नीटू, दो बेटी व दो साल के बेटे प्रिंस उर्फ के साथ रहते हैं। मोनी ने कमरे के बाहर ही कूलर लगा रहा है। कूलर के पास ही सीढ़िया हैं। प्रिंस मंगलवार रात को घर में खेल रहा था। वह खेलते हुए सीढ़ियों से कमरे में आने लगा। इसी बीच उसका पैर फिसला और कूलर पर गिर पड़ा। इसी दौरान प्रिंस ने कूलर का स्टैंड पकड़ लिया। जिसमें करंट आ रहा था। करंट की चपेट में आकर प्रिंस झुलस गया। आवाज सुनकर स्वजन दौड़े और कूलर का स्विंच बंद किया। आनन-फानन में प्रिंस को अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन तब तक प्रिंस की मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद से घर में कोहराम मचा है। स्वजन का रोरोकर बुरा हाल है। दो बहनों का एकलौता भाई उनसे बिछड़ गया। हादसे के बाद से ही आसपास के लोगों का प्रिंस के घर के बाहर जमावड़ा लग गया। उन्होंने बिलखते स्वजन का ढांढस बंधाया।