मोदीनगर :
तेल मिल गेट के निकट समर चाप होटल पर 15 दिन पहले युवक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। विवेचक पर आरोपियों से साठगांठ का आरोप है। बुधवार को पीड़ित मोदीनगर तहसील स्थित एसीपी कार्यालय पहुंचे और एसीपी को पूरे प्रकरण के बारे में बताया। कहा आरोपी बेखौफ होकर खुले घूम रहे हैं। केस दर्ज होने के बावजूद पुलिस दबिश तक नहीं दे रही है। आरोपी अब भी उन्हें धमकी दे रहे हैं। एसीपी ने उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिया है। पीड़ित शुभम चौधरी गांव बेगमाबाद के रहने वाले हैं। वे करीब 15 दिन पहले चाप होटल पर गए थे। वहां पहले से ही पांच-छह आरोपी घात लगाए बैठे थे। शुभम के होटल पर पहुंचते ही आरोपियो ने हमला बोल दिया। लात-घूसों से बुरी तरह पीटा। धारदार हथियार व लाठी से भी वार किया। मारपीट में उन्हें गंभीर चोट आई। कान भी कट गया। खून से लथपथ हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनके हाथ में भी फ्रैक्चर आया। मारपीट के समय उनका भाई भी साथ था, उन्हें भी गंभीर चोट आई। पुलिस ने केस तो दर्ज किया लेकिन अब तक एक भी गिरफ्तारी नहीं की। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी, जिसमें आरोपियों की करतूत दिखी। मामले में अवधेश, वाशु गुर्जर, चेतन व एक अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया। बुधवार को एसीपी मोदीनगर ने पीड़ित को कार्रवाई का भरोसा दिया है। कहा जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई कराई जाएगी।
