मोबाइल लूट के बाद मुंशी पर धारदार हथियार से हमला

मोदीनगर

निवाड़ी थाना क्षेत्र के गांव खिदौड़ा में शुक्रवार सुबह ईंट भट्टे पर सो रहे मुंशी से बदमाशों ने मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर आरोपित ने धारदार हथियार से वार कर मुंशी को गंभीर रूप से घायल कर दिया। बदमाश पीड़ित मुंशी पर कमरे की चाबी देने का दबाव बना रहे थे। मामले में पुलिस ने मारपीट की धारा में केस दर्ज किया है। जबकि पीड़ित मोबाइल लूट का दावा कर रहा है।अटोर नंगला गांव के राजेश चौधरी का निवाड़ी थाना क्षेत्र के गांव खिदौड़ा में ईंट भट्टा है। यहां अमरोहा का अशोक शर्मा मुंशी हैं। अशोक भट्टे पर ही रहते हैं। राजेश चौधरी के मुताबिक, शुक्रवार तड़के अशोक ईट भट्टे परिसर में ही चारपाई पर सो रहे थे। इस बीच एक बाइक पर तीन बदमाश आए। बदमाश आते ही उनसे कमरों की चाबी मांगने लगे। अशोक ने मना किया। इस बीच वे मोबाइल निकालकर राजेश को काल करने लगे। इसपर आरोपितों ने अशोक से मोबाइल लूट लिया। विरोध पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। इसके बाद खून से लथपथ हालत में छोड़कर भाग निकले। कुछ देर बाद जब राजेश भट्टे पर पहुंचे तो अशोक को अचेत हालत में देखकर अस्पताल लेकर पहुंचे। अशोर के सिर में 19 टांके आए हैं। एसीपी मोदीनगर का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है। टीम तलाश में जुटी हैं। जल्द आरोपितों की गिरफ्तारी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *